राजापुर(चित्रकूट)। राजापुर थाना पुलिस ने हत्यारोपी दंपती को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद हुआ है। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने मोबाइल से कॉल कर लालाराम को बुलाया था। इसके बाद मिलकर हत्या कर दी और शव नदी के किनारे फेंक दिया।
गौरतलब है कि 12 नवंबर को खरूही गांव निवासी लालाराम निषाद शव नदी किनारे से बरामद हुआ था। वादी हनुमान दीन की सूचना के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम ने हत्यारोपी सत्यनारायण उर्फ ननकू व सरोजा देवी पत्नी सत्यनारायण उर्फ ननकू निवासीगण खरूही को गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन, आलाकत्ल कुल्हाड़ी मिली है। पूछताछ करने पर आरोपी सत्यनारायण ने बताया कि गांव के लालाराम निषाद के उसकी पत्नी से संबंध थे। जिसके चलते पत्नी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाकर लालाराम निषाद को नौ बजे अपने घर बुलाया। पत्नी ने रस्सी से गला दबाकर हत्या कर गर्दन व पेट में कुल्हाड़ी से काटकर शव को पत्थर से बांध वाल्मीकि नदी में फेंक दिया था। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अवधेश मिश्रा, एसआई सूबेदार बिंद, आरक्षी अंकित सचान, विनोद यादव, महिला आरक्षी प्रीति पाठक शामिल रहे।