09 सीकेटीपी 10 रामपथ गमन मार्ग राजापुर के पास हुई पुलिया की ढलाई।
चित्रकूट। रामवन गमन पथ के संग टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर बनाने के एलान के बाद योगी सरकार ने इस परियोजना में बजट की स्वीकृत दी थी। बजट मिलने के बाद कार्यदायी संस्था लगातार इसे गति देने में जुटी है, हालांकि सरकार ने इस प्रोजेक्ट को जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय कर रखा है।
वर्ष 2025-26 के लिए पिछले साल फरवरी माह में योगी सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रामवन गमन पथ व टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर निर्माण का एलान किया। टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर निर्माण के लिए 11.93 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। बजट मिलने के बाद कार्यदाई संस्था ने तेजी से निर्माण शुरू किया। मुख्य भवन के भूतल में स्लैब के लिए शटरिंग का कार्य चल रहा है। वहीं डॉर्मिटरी का स्लैब कार्य पूर्ण हो चुका है, और पीसीसी व प्लास्टर का कार्य जारी है। वहीं सड़क का काम भी जारी है। इसमें पुलिया ढलाई के साथ डामरी करण कार्य हो रहा है। कार्यदाई संस्था को यह परियोजना जुलाई 2027 तक पूरी करनी है। यह कार्य पूरा होने पर यह टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर चित्रकूट जिले में पर्यटन के क्षेत्र में विकास को नई गति देगा।
-
ये कराए जा रहे काम :
टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर में इनडोर बैठक कक्ष, रेस्टोरेंट, सत्संग हॉल, बहुउद्देश्यीय हॉल, मीटिंग रूम, कार्यालय कक्ष, शौचालय और डॉर्मिटरी सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इस केंद्र के बनने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रामवन गमन पथ पर आने वाले आगंतुकों का अनुभव और अधिक सुगम व आरामदायक होगा। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राहुल गौर ने बताया कि जिले में बजट मिलने के बाद काम तेजी से हो रहा है। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी। शहरी क्षेत्र में पर्यटन के विकास के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है और रहा इससे जिले की आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।