अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। आतंकी हमले के बाद भी धर्मनगरी के बाबा शिव भोेले के भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है। बेखौफ होकर धर्मनगरी के डेढ़ दर्जन से अधिक भक्तों ने एक दिन जम्मू में ठहर कर आगे की यात्रा शुरू कर दी है। सभी का कहना है कि आतंकवादियों को सबक सिखाने के लिए यात्रा जारी रखना ही सही संदेश है।
धर्मनगरी से नीलू गुप्ता, पिंटू करवरिया, बाबा शिवकुमार, आशीष, मुनेश गुप्ता, मनीष, विवेक सिंह के साथ महिलाएं व बच्चे भी अमरनाथ यात्रा में शामिल हैं। महिलाओं में ममता, संगीता का कहना है कि आतंकवादी घटनाएं होती रहती हैं। इस पर कड़ाई से रोक लगनी चाहिए लेकिन बाबा अमरनाथ की यात्रा वह बीच में खत्म नहीं करेंगी। आतंकियों के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। गौरतलब है कि अनंतनाग जम्मू में हुए आंतकी हमले के एक दिन पूर्व जिले से डेढ़ दर्जन भक्त अमरनाथ यात्रा पर निकले थे। इन भक्तों ने बताया कि जब वह सब जम्मू में थे तो उसी दिन आतंकियों ने यात्रा की एक बस में हमला किया था। इसके बाद एक रात वह सब जम्मू में रूके, कुछ लोगों ने यात्रा स्थगित कर लौटने को कहा लेकिन अब सभी का मन है वह आगे की बढेंगे और बाबा अमरनाथ के दर्शन कर लौटेंगे।