भौंरी (चित्रकूट)। प्रेम प्रसंग के चलते इंटरमीडिएट की छात्रा ने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आनन फानन में उसे फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल लाये जहां डाक्टरों ने मृत होने की पुष्टि की।
रैपुरा थाना क्षेत्र के कुई अकबरिया गांव निवासी राखी (17) पुत्री ज्ञानेंद्र शुक्ला भौंरी के एक कालेज में इंटर की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की शाम को छात्रा अपने कमरे में गई और दुपट्टे से फांसी लगा ली। कमरे के पास पहुंचे परिजनों ने यह देखा तो हड़कंप मच गया। उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ला रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अजीत पांडेय ने बताया कि परिजनों ने बताया है कि छात्रा का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चलता था। इसे लेकर किसी बात को लेकर उसने खुदकुशी की है। इसकी तहरीर भी थाने में दी गई है। मृतका के एक छोटा भाई है। उसके पिता किसान हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।