मानिकपुर(चित्रकूट)। चलती ट्रेन से माल उड़ाने वाले आरोपी को जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म से पकड़ा है। इसके खिलाफ मानिकपुर के अलावा प्रयागराज व इटारसी जीआरपी थाने में चोरी के कुल 10 मामले दर्ज हैं। इसके कब्जे से तीन मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद हुई है। मानिकपुर जीआरपी प्रभारी अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को जीआरपी व आरपीएफ टीम ने प्लेटफार्म नंबर चार पर एक युवक को संदेह के आधार पर पकड़ा। जिसके कब्जे से कई मोबाइल व अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद होने पर कड़ाई से पूछताछ की गई। जिसमें पता चला कि उमरिया मप्र जिले के बिरसिंहपुर बाबूलाइन झिरिया मोहल्ला निवासी नरेश सिंह (23) है। इसके खिलाफ इटारसी प्रयागराज व मानिकपुर में चलती ट्रेन व प्लेटफार्म पर चोरी के 10 मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को चोर को जिला जेल भेजा गया है। चोर को पकड़ने वाली टीम में जीआरपी दरोगा दिलीप कुमार, आरपीएफ कांस्टेबल परवेज खां व आरपीएफ कांस्टेबल शिवविशाल सिंह शामिल रहे।