चित्रकूट। प्रधानमंत्री आवास योजना की दो किश्त लेने के बाद भी मकान निर्माण न कराना दो दर्जन लाभार्थियों को मंहगा पड़ गया है। सदर ब्लाक क्षेत्र के दो गांवों के इन लाभार्थियों की तीसरी किश्त रोक कर परियोजना निदेशक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने की संस्तुति की है। इस कार्रवाई से लाभार्थियों में हड़कंप मचा है।
सदर ब्लाक चित्रकूट अंतर्गत कसहाई व इटरौर भीषमपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को दो किश्त जारी की जा चुकी है। दोनों गांवों से कई शिकायतें मिलीं कि लाभार्थी शासकीय धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। मकानों का निर्माण आधा भी नहीं हुआ है। शिकायत पर जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय व सीडीओ डॉ. महेंद्र कुमार ने परियोजना निदेशक को जांच करने के निर्देश दिए। दोनों गांव के सचिव की रिपोर्ट जब बीडीओ के पास पहुुंची तो शिकायतों में 24 नाम ऐसे मिले जिन्होंने दो किश्त ली है लेकिन निर्माण नहीं किया है। बीडीओ सुनील कुमार ने रिपोर्ट परियोजना निदेशक को सौंप दी। रिपोर्ट सीडीओ तक पहुंचाई गई। परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर इटरौर भीषमपुर के 15 व कसहाई गांव के नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के आदेश जारी हुआ है।