मानिकपुर (चित्रकूट)। दुकान संचालक दिव्यांग की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने वाहन व चालक को पकड़ लिया है। कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला निवासी दिव्यांग राजेंद्र प्रसाद (50) घर के पास ही परचून की दुकान चलाता था। वह बुधवार की शाम दुकान की ओर आने के लिए सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान तेज गति से आई पिकअप ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन समेत चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
उधर, घायल को सीएचसी लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि आटा चक्की व परचून की दुकान से परिवार का भरण पोषण करता था। घटना से परिजनों में शोक छा गया।
कस्बे से बारात से लौट रही कार बेकाबू होकर घाटी में पलट गई। इस हादसे में वाहन में बैठे बांदा के महोखर गांव के संतोष (34), रामऔतार (40), आदर्श नगर निवासी नरेंद्र (35) व राकेश (36) घायल हो गए। अन्य हादसे में बारीगढ़ निवासी अभिषेक पुत्र दयाराम व बांदा जिले के अतर्रा के दिलीप मानिकपुर कस्बे से कर्वी आते समय बाइक के सामने सुअर के आने पर अनियंत्रित होकर गिर गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।