मानिकपुर (चित्रकूट)। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विकासखंड मानिकपुर के सभागार में ग्राम प्रधानों के साथ कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण व टीकाकरण के संबंध में आवश्यक बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों से कहा कि संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीमें वैक्सीनेशन के लिए लगाई गई है। जिनका सहयोग कर अधिक से अधिक टीकाकरण कराएं। जो व्यक्ति दिल्ली, मुंबई, सूरत, दुबई आदि जगहों से आ रहे हैं तो उन्हें तत्काल होम क्वारंटाइन कराया जाए। अधिकारियों को सूचना भी दें। जो लोग टीकाकरण से छूटे हैं वह टीकाकरण अवश्य करा लें। घबराने की आवश्यकता नहीं है। जो ग्राम प्रधान तथा सभासद अच्छा कार्य करेंगे और अपने ग्राम पंचायत, वार्डों में शत प्रतिशत टीकाकरण लोगों को कराएंगे तो उन्हें 26 जनवरी को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में उप जिलाधिकारी मानिकपुर प्रमेश श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मानिकपुर राम आशीष वर्मा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत भूपेंद्र द्विवेदी, यूनिसेफ के राहुल कुलश्रेष्ठ सहित संबंधित अधिकारी, प्रधान, सचिव मौजूद रहे।