गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को डीएम नीलम अहलावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में समारोह की रूपरेखा बनाई गई। डीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर सुबह छह बजे मंदिर, मस्जिद,चर्च और गुरुद्वारा में सर्वधर्म सभा का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद मलिन बस्तियों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने अधिशाषी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद कर्वी में मलिन बस्ती शंकरगंज में, नगर पंचायत राजापुर में दक्षिणी नाका पश्चिमी एरिया,नगर पंचायत मानिकपुर इंदिरा नगर वार्ड नंबर-4 में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों में स्कूलों, प्राथमिक-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्रों आदि स्थानों पर भी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि 8 बजे प्रभातफेरी के साथ एनसीसी, स्काउटिंग के अभ्यर्थियों की ओर से झांकियां निकाली जाएगी। इसकी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए और चित्रकूट इंटर कालेज के प्रधानाचार्य को दी गई है।
सुबह 8.30 बजे सरकारी व अर्द्धसरकारी भवनों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा संविधान के संकल्प का स्मरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुबह 9.30 बजे पुलिस लाइन में पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10.30 बजे संयुक्त जिला चिकित्सालय में रोगियों को फल व मिठाई बांटी जाएगी।
दिन में 11.00 बजे ताज स्पोर्टिंग क्लब के सौजन्य से सांसद भैरोप्रसाद मिश्र के आवास से कलेक्ट्रेट सोनेपुर तक साइकिल रेस का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे स्टेडियम में न्यायालय एवं प्रशासन के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच खेला जाएगा।
दोपहर तीन बजे पुलिस, पीएसी, एनसीसी, होमगार्ड, स्काउट का रूट मार्च पटेल चौराहा से शुरू होगा और धुस मैदान पर समाप्त होगा। बैठक में परियोजना निदेशक संतोष कुमार, उप जिलाधिकारी कर्वी रजनीश मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी रामपाल सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्वी लाल चंद्र सरोज, जिला विद्यालय निरीक्षक मो.रफीक, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।