अतर्रा। बांदा-चित्रकूट सांसद कृष्णा देवी पटेल ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र सौंपकर संसदीय क्षेत्र की रेल समस्याओं के समाधान की मांग की। रेलमंत्री को बताया कि अतर्रा के बिसंडा रोड स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर फ्लाईओवर का निर्माण जरूरी है जिससे लोगों को जाम से राहत मिल सके।
रेलमंत्री को बताया कि अतर्रा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने से यहां का विकास होगा और लोगों को रोजगार मिलेगा। सांसद ने बांदा से अहमदाबाद और मुंबई के लिए प्रतिदिन ट्रेन संचालित करने, वंदे भारत ट्रेन का संचालन दिल्ली से चित्रकूट होते हुए वाराणसी तक कराने, लखनऊ से बांदा होते हुए पुणे, चित्रकूट धाम से वैष्णो देवी कटरा तक ट्रेन चलाने की मांग की। इसके अलावा चित्रकूट धाम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए फुटओवर ब्रिज, पुल के पास सीढ़ी और अंडरपास निर्माण की मांग की। (संवाद)