चित्रकूट। बीस दिन पूर्व सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 33 केवीए का पावर हाऊस छह बार फूंक चुका चुका है। इन दिनों का औसत देखें तो हर चालिस घंटे बाद इसका केबिल बाक्स फूंक जाता है। जिसे लेकर तीन बार शहर में जाम लग चुका है। बिजली पानी की समस्या से आम जनजीवन बेहद प्रभावित हो रहा है।
17 जून को सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने शहर के धुस मैदान में स्थापित 33/11 केवीए के सब स्टेशन का शुभारंभ किया था। सभी ने बडे़ दावे किए थे कि शहर थर्ड, सीतापुर व एलआईसी फीडर के हजारों उपभोक्ताओं की समस्या दूर हो जाएगी। शुरुआत होते ही यह धड़ाम हो रहा है महज बीस दिनों में छह बार इसके केबिल बाक्स फूंकने से यह साबित हो रहा है कि इसमें घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। शुभारंभ कराने में तकनीकी फिटनेस का ध्यान न देकर जल्दबाजी की गई। हालत यह है कि तीन बार शहरवासी आंदोलित हो चुके हैं। दो बार तो हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगाया। एलआईसी तिराहे पर घंटों जाम लगाया। लोगों का कहना था कि बिजली दस घंटे भी नहीं मिल रही है। इसके बाद पानी की भी सप्लाई नहीं होती है। इस गर्मी में लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। यही हाल रहा तो शहर में बड़ा आंदोलन हो सकता है।
घटिया सामग्री की बात मानी, नोटिस जारी
चित्रकूट। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता जेपीएन सिंह व अधिशाषी अभियंता अनिल दुबे ने कहा कि नए सब स्टेशन से अभी कुछ समस्याएं हो रहीं हैं। 20 दिन में छह बार केबिल फुंकना संदेह व्यक्त करता है। इसके लिए ठेकेदार परमेंद्र कुमार को नोटिस जारी की गई है। जिसमें सब स्टेशन की समस्या का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं अन्यथा विभागीय कार्रवाई होगी।
डीएम नाराज मांगी रिपोर्ट
चित्रकूट। लगातार शहर व आस पास के इलाकों में बिजली पानी की समस्या से कानून व शांति व्यवस्था प्रभावित होने पर डीएम ने नाराजगी जताई है। डीएम विशाख जी अय्यर ने बिजली व जल विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था गड़बड़ होने के कारण की रिपोर्ट मांगी है। यह निर्देश हैं कि यदि कानून व्यवस्था बिगड़ी तो इसके जिम्मेदार इन्हीं दो विभागों के अधिकारियों को माना जाएगा।