चित्रकूट। पंचायत भवन को शादी समारोह के लिए न देने पर पहाड़ी ब्लॉक परिसर में सचिव की पिटाई के मामले में नामजद भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य नामजद की तलाश जारी है।
मामला 12 मई का है जिसमें कलवलिया गांव के सचिव घनश्याम दास शुक्ला ने बताया था कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास उर्फ हीरो मिश्रा समेत कई भाजयुमो नेता उनसे पंचायत भवन को शादी समारोह के लिए मांग रहे थे। इसके लिए मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस मामले में सचिव की तहरीर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष के अलावा मोहित, प्रमेंद्र प्रताप सिंह व उज्ज्वल नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सचिवों ने विकास भवन में तीन दिन तक धरना प्रदर्शन किया था।
एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि इसी मामले में सोमवार को नामजदों में एक विकास मिश्रा को पहाड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जल्द ही अन्य की गिरफ्तारी होगी।