चित्रकूट/खोही। जिले की सीमा से सटे मप्र क्षेत्र के चित्रकूट थाना अंतर्गत पथरा गांव के पास मिट्टी खनन को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष व समर्थकों का नायब तहसीलदार व पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। दोनों ओर से चप्पलें व डंडे चले। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में नप अध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
नायब तहसीलदार चित्रकूट सुमित गुर्जर ने बताया कि चित्रकूट मप्र जिला सतना के थाना क्षेत्र ग्राम पथरा स्थित सुरांगी पहाड़ के पास सोमवार की रात को नगर परिषद चित्रकूट की अध्यक्ष साधना पटेल व उसके समर्थकों की ओर से जेसीबी से अवैध खनन कराने की सूचना मिली। इस पर वह पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस और उन्हें देखकर अध्यक्ष व उसके समर्थक नाराज हो गए। मिट्टी खनन का काम बंद करने के लिए कहा गया तो अध्यक्ष के समर्थकों ने गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से हमलाकर दिया।
आरोप है कि नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल ने अपनी चप्पल उतारकर पुलिस कर्मी को मार दी। संख्या बल में अधिक होने के कारण अध्यक्ष और उसके समर्थक जेसीबी और ट्रैक्टर जबरन छुड़वा कर चले गए।
नायब तहसीलदार सुमित गुर्जर की तहरीर पर नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, आदित्य, ड्राइवर छोटू पटेल समेत 10 के खिलाफ 10 विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसडीओपी चित्रकूट आशीष जैन ने बताया कि घटनास्थल के कई वीडियो वायरल हैं। इनकी जांच कराई जा रही है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। अध्यक्ष व अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू हो गई है। उधर नप अध्यक्ष साधना पटेल ने नायब तहसीलदार व पुलिसकर्मियों पर उनके व उनके समर्थकों के साथ अभद्रता व गाली गलौज करने के आरोप लगाए। कहा कि कोई अवैध खनन नहीं हो रहा था।