मऊ(चित्रकूट)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के मऊ थाना अंतर्गत हटवा गांव के पास अनियंत्रित पिकअप बाइक चालक समेत उसकी मां की मौत हो गई। मृतक की पत्नी घायल हो गईं। उसे प्रयागराज रेफर किया गया है।
शुक्रवार की देर शाम को लौरी गांव के शंभूपुर मजरा निवासी कबूले उर्फ कामता (40) पुत्र कल्लू प्रजापति बाइक से अपनी पत्नी राजकुमारी (36) व मां लौंगी देवी (65)के साथ मऊ से निमंत्रण कर अपने गांव जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग के हटवा गांव की नदी के पास लालता रोड की ओर से तेज गति से आए अनियंत्रित पिकअप ने बाइक पर टक्कर मार दी। जिससे बाइक में सवार तीनों छिटककर सड़क पर जा गिरे। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने कबूले उर्फ कामता को मृतक घोषित कर दिया। मां लौंगी देवी व राजकुमारी को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया, रास्ते में लौंगी देवी की मौत हो गई। राजकुमारी का प्रयागराज में इलाज जारी है। मौके से भाग रही पिकअप व चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। थाना प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि बरामद पिकअप को थाने में खड़ा कराया गया है। मृतक बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।