फोटो न- 5 व 6
- 44 दिनों तक चलेगा मेला, सुरक्षा व प्रबंधन की तैयारी में जुटे महकमे
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। प्रयागराज के संगम तट के किनारे तीन जनवरी से माघ मेले का आगाज होगा। इस मेले में भारी संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालु जुटेंगे। माघ मेले में प्रयागराज आने-जाने वाले श्रद्धालु मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट भी आएंगे। यहां करीब पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने माघ मेला की तैयारियां शुरू कर दी है। इनके ठहराव के लिए रैन बसेरा, पेयजल, प्रसाधन के इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
माघ मेला की शुरुआत तीन जनवरी से 15 फरवरी तक कुल 44 दिनों तक होगा। इस दौरान पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति मौनी अमावस्या, माघी पूर्णिमा व महाशिवरात्रि जैसे पर्व पड़ेंगे। संभावना है कि प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु लौटते समय भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में आएंगे। ऐसे में इन प्रमुख पर्व पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालु आ सकते हैं। इसे देख सरकारी मशीनरी धर्मनगरी में ठहराव, सुरक्षा समेत बुनियादी सुविधाओं को चकाचक करने में जुट गई है। रामायण मेला के पास स्थाई रैन बसेरा बना है, जहां श्रद्धालुओं के ठहराव की व्यवस्था है।
इनकी सुरक्षा के साथ ही भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। डीएम पुलिकत गर्ग ने बताया कि माघ मेला में श्रद्धालुओं की बेहतर व्यवस्थाएं देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल जी वर्मा ने बताया कि माघ मेला के प्रमुख पर्व में स्थाई के अलावा अस्थाई रैन बसेरा भी बनेंगे। वहां पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इनसेट
तैयार हो रहे शौचालय व स्नानागार
चित्रकूट। माघ मेला की तैयारी में रेलवे ने भी कमर कस ली है। माघ मेला के प्रमुख पर्व में मेला एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के साथ ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का जिन स्टेशनों में ट्रेनें नहीं रूकती है। वहां रोकने के लिए आदेश दिए गए है। चित्रकूटधाम रेलवे स्टेशन पर बने शौचालयों व स्नानागार की मरम्मत कराई जा रही है। रेलवे स्टेशन में पिछले महाकुंभ के दौरान यात्री प्रतिक्षालय बना था, जहां पर इस बार यात्री रुकेंगे। सुरक्षा के लिए समूचे स्टेशन यार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसमें चित्रकूट धाम रेलवे स्टेशन में 47, शिवरापुर 10, भरतकूप में दस व खोह बहिलपुरवा में पांच-पांच कैमरे लगे हैं।
यहां के रूट पर दौड़ेगी मेला एक्सप्रेस ट्रेन
चित्रकूट। माघ मेला के लिए झांसी से प्रयागराज के लिए मेला एक्सप्रेस ट्रेन चलाएगा। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकरी मनोज कुमार ने बताया कि 7 जनवरी, 14 जनवरी, 21जनवरी, 28 जनवरी, 4 फरवरी, व 11 फरवरी को चलेंगी। यही ट्रेन प्रयागराज से लौटकर ग्वालियर तक जाएंगी।