चित्रकूट। खोही गांव के एक परिवार ने दूसरे पक्ष पर विवादित भूमि पर जबरिया मकान बनाने और चौकी पुलिस ने गाली गलौज कर भगाने का आरोप लगाया है। घर पर मकान बिकाऊ है का पर्चा चस्पा कर परिवार के लोग कलक्ट्रेट पहुंच गए। डीएम के न मिलने पर उनके कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर रिश्तेदार के यहां चले गए।
खोही गांव के कमलेश कुमार, कल्लू, भल्लू घर की महिलाओं व बच्चों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। कमलेश ने बताया कि दूसरे पक्ष से भूमि का मुकदमा चल रहा है। दूसरे पक्ष के लोग भूमि पर निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया शिकायत करने खोही चौकी गए थे, पुलिस ने गाली देकर भगा दिया। पुलिस की दूसरे पक्ष से सांठगांठ है। बताया कि जान बचाने के लिए घर बेचने का कागज चस्पा कर गांव छोड़ आए हैं। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि अभी ऐसी शिकायत नहीं आई है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।