फोटो-4- बैठक में निर्देश देते मंडलायुक्त दिनेश सिंह व आईजी एसके भगत । संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। सामाजिक सौहार्द्र, शांति व्यवस्था, सफाई और अतिक्रमण विहीन जिला बनाने के लिए गुरुवार को मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, आईजी एसके भगत, डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, एसपी अतुल शर्मा की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें व्यापारियों, उद्यमियों, पत्रकारों, विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं के साथ सीधा संवाद हुआ। तय हुआ कि सभी को अपने दरवाजे के आसपास सफाई रखने की शुरुआत खुद से करनी होगी।
भरत मंदिर के महंत दिव्यजीवन दास ने कहा कि रामघाट में परिवर्तन हुआ है लेकिन अभी स्वच्छता व श्रद्धालुओं से सद्व्यवहार बढ़ाने की जरूरत है। शहर काजी सरफराज ने कहा कि मस्जिदों के आसपास सफाई व्यवस्था कमजोर रहती है। पीने के पानी की समस्या रहती है। मो. लतीफ ने अराजकतत्वों द्वारा लक्ष्मणपुरी मोहल्ले के कब्रिस्तान की बाउंड्री तोड़ने की बात कही। गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने मंडी परिसर में पुलिस चौकी स्थापित कराने की मांग की। तरौंहा के रेहान ने बताया कि दो मोहल्लों में पेयजल की समस्या है। समाजसेवी विवेक अग्रवाल ने कामदगिरी परिक्रमा मार्ग पर खराब हैंडपंप बनवाने की मांग की। पत्रकारों ने पुरानी बाजार कालीदेवी मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण और सीएम पोर्टल में शिकायत के बाद अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्ट लगाकर भेजने की शिकायत की गई। शहर के पार्कों का सुंदरीकरण कराने की मांग हुई। कुछ मठ मंदिरों में कब्जे की भी शिकायत की गई।
मंडलायुक्त व आईजी ने जवाब दिया। रामघाट से लेकर मंदाकिनी की स्वच्छता के लिए अधिक काम कराने के लिए डीएम से कहा। मस्जिदों के पास सफाई और तरौंहा में पेयजल पहुंचाने के लिए नगर पालिका के ईओ को दो दिन के अंदर काम कराने के लिए कहा है। कब्रिस्तान की बाउंड्री की सुरक्षा व पुलिस तैनाती के निर्देश दिए गए। अवैध कब्जे खाली कराने को कहा है। गल्ला मंडी में चौकी तीन दिन के अंदर स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू कराने के भी निर्देश दिए।
कहा कि आईजीआरएस में समस्या निस्तारण न होने पर फीड बैक में असंतुष्ट लिखें और जानकारी मंडलायुक्त को भी भेजें। पार्कों की दशा सुधारकर योग दिवस के पूर्व 14 जून से हर पार्क में एक योगा शिक्षक लोगों को अभ्यास कराने को कहा। बैठक में सभी जिलास्तरीय अधिकारी, साधु संत, व्यापारी नेता मुस्लिम समुदाय के संभ्रातजन मौजूद रहे।
नादानी व नालायकी न करें
मंडलायुक्त व आईजी ने कहा कि सोशल मीडिया से दूर ही रहें। किसी आपत्तिजनक मैसेज को फारवर्ड न करें। यह नादानी व नालायकी में होता है। जो भी यह करेगा तो पुलिस उसे जरूर पकड़ेगी चाहे वह किसी भी धर्म का हो। मोबाइल पर सिर्फ सामाजिक सद्भाव, सौहार्र्द व परिजनों दोस्तों से जागरूकता के मैसेज का आदान प्रदान करें।
याद नहीं कंट्रोल रूम का नंबर
बैठक में मंडलायुक्त ने पेयजल, अतिक्रमण व स्वच्छता को लेकर ईओ नगरपालिका से कंट्रोल रूम का नंबर सार्वजनिक करने को कहा। जिस पर ईओ रामअचल कुरील ने बताया कि यह जारी हो चुका है। जब नंबर पूछा गया तो सभागार में सन्नाटा छा गया। खुद ईओ नंबर नहीं बता पाए।