मानिकपुर (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के निहीचिरैया गांव के बाहर नहर के पास खेल रहे बच्चों में एक तीन साल का मासूम पानी भरे गडढ़े में गिर गया। यह देखते ही वहां मौजूद अन्य बच्चे डर के कारण चिल्लाते हुए भागे। ग्रामीणों ने आकर मासूम को बाहर निकाल सीएचसी लाये। जहां डाक्टरों ने उसके मौत होने की पुष्टि की।
निही चिरैया के नयाखेर कोलान निवासी शिवप्रसाद कोल का तीन साल का पुत्र प्रियांश अपने भाई-बहन व बस्ती के चार अन्य बच्चों के साथ रविवार की शाम को नहर के पास खेल रहा था। पुरानी नहर के पास कई गडढे हैं जिसमें बारिश का पानी भरा है। खेलते समय अचानक प्रियांश फिसलकर पानी में जा गिरा। कुछ बच्चों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन गडढा बडा होने से कुछ पता नहीं लगा। जिससे डरकर चिल्लाते हुए बच्चे बस्ती की ओर भागे। जानकारी होते ही कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मासूम को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सीएचसी मानिकपुर लाये जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाने के एसएसआई दिनेश सिंह ने बताया कि मृतक दो भाई दो बहन में छोटा था। यह घटना मृतक के घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूरी पर स्थित एक गडढे में हुई है। शव का पंचनामा कराया गया है।