राजापुर। नगर पंचायत के कस्बा राजापुर में 15 दिन पहले हटाए गए अवैध कब्जे फुटपाथ पर फिर हो गए। राहगीरो का पैदल निकलना मुश्किल है। अभियान के दौरान अफसरों ने दोबारा कब्जे न करने की चेतावनी भी दी थी, पर इसका असर दुकानदारों पर नहीं हुआ।
कस्बे की मुख्य सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से छोटे-बड़े वाहन नहीं निलक पाते। गोस्वामी तुलसी दास की जन्म स्थली राजापुर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसको देखते हुए प्रमुख सड़क सहित सब्जी मंडी गली व अन्य गलियों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लगातार 15 दिनों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। लेकिन प्रशासन के जाने के बाद सड़कों व पटरी पर दुकानदार फिर सामान रख लेते हैं। 15 दिन पहले प्रशासन ने सड़क व नाली के ऊपर बनाई गई सीढ़ी, चबूतरे व अवैध कब्जे ध्वस्त किए थे। इसके बाद भी कई दुकानदारों ने फिर कब्जा कर लिया है। कई स्थानों पर ठेलिया भी खड़ीं हैं।
अभियान के दौरान एसडीएम रामऋषि रमन, तहसीलदार भारत प्रताप सिंह ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी थी कि यदि फिर कब्जा किया तो जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं रुक रहा है। एसडीएम ने बताया कि हर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। फुटपाथ व सड़क पर अवैध कब्जे होने से राहगीरों को दिक्कत होती हैं। व्यापारियों से कहा है कि पटरी व नाली के ऊपर अतिक्रमण न करें।