अपहृत का पता न चल पाने से गांव के टयूबवेल के पास उदास खड़े परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/खोही। सदर कोतवाली क्षेत्र के चकभूपत रजौला से अपहृत किसान लाला पाल के लापता होने की घटना को आईजी ने गंभीरता से लिया। एसपी को इसका खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। उधर गुलाबी गैंग कमांडर ने चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर अपहृत का कुछ पता नहीं चला तो सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि यूपी एमपी बार्डर के पास स्थित चकभूपत रजौला गांव से शनिवार की देर रात को बदमाशों ने किसान लाला पाल का उसके टयूबवेल के पास से अपहरण कर लिया। इसे लेकर पुलिस और कई ग्रामीणों ने शक जताया है कि यह अपहरण नहीं है बल्कि गांवदारी का मामला है। इस मामले में साढे़ पांच लाख के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग का हाथ होने की आशंका पर आईजी के. सत्यनारायणा ने एसपी धवल जायसवाल से मामले की जानकारी लेकर इसका खुलासा करने और किसान को सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय व कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी मंगलवार की शाम को पीड़ित के घर पहुंचे। कई लोगों से जानकारी जुटाई।
उधर गुलाबी गैंग कमांडर संपतपाल पूरी टीम के साथ चकभूपत गांव पहुंची और पीड़ित परिजनों से बातचीत कर ढंाढ़स बंधाया। कोतवाल ने बताया कि पुलिस टीम हर क्षेत्र में खोजबीन कर रही है। कुछ और संदिग्धों से पूछताछ की गई है।