चित्रकूट। होटल में खाना खाने के बाद पैसे मांगने पर हुए विवाद का ऑडियो वायरल हो गया। जिसमें खाना खाने वाला व्यक्ति जिला उद्योग केंद्र का एक लिपिक बताया जा रहा है। वह अपने को सीएम के सलाहकार का चाचा बताकर होटल मालिक पर दबाव बना रहा है। डीएम को लेकर भी कुछ टिप्पणी की है। ऑडियो वायरल होने के बाद डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
होटल मालिक अरुण गुप्ता और उसके पुत्र राम गुप्ता ने जिलाधिकारी को एक ऑडियो सुनाकर शिकायती पत्र दिया। होटल मालिक के अनुसार जिला उद्योग केंद्र का एक लिपिक ने 25 अगस्त से 28 अगस्त के बीच तीन दिन उसने नाश्ता व भोजन किया।
भुगतान बाद में करने को कहा। कई बार टोकने पर दो हजार रुपये दिए। 560 रुपये बकाया होने पर तीन दिन पूर्व जब पैसे मांगे तो अपशब्द कहकर फोन रखने को कहा। इस दौरान उसने ऑडियो में कई बार अधिकारियोें के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के सलाहकार का चाचा हूं उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। चाहे जहां शिकायत कर दो।
डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने एसपी को मामले में जांच कर कार्रवाई को कहा है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्ष से बयान लिए जाएंगे। दोनों की आवाज पहचानने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई है।