गुलाबी गैंग का एक दिवसीय वार्षिक सम्मेलन शनिवार को धुस मैदान के रामलीला भवन में आयोजित हुआ। इस मौके पर गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल ने महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि कहीं भी महिलाओं के साथ अत्याचार होने पर उनका गैंग चुप नहीं बैठेगा।
इसके पूर्व गुलाबी गैंग ने ट्रैफिक चौराहा होते हुए प्रमुख मार्गों से जुलूस निकाला। कर्वी के अलावा अन्य जिलों से आई महिलाओं ने इसमें शिरकत की। बाद में हुई सभा में संपत पाल ने बताया कि 14 फरवरी को गुलाबी गैंग की स्थापना की गई थी।
इसके पूर्व अतर्रा, फतेहपुर, महोबा, बांदा आदि में सम्मेलन का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने गैंग की उपलब्धियां गिनाईं और साथ ही इस बात पर रोष जताया कि कुछ लोग गैंग के नाम पर अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं। कहा कि इनके खिलाफ समय आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। गुलाबी गैंग एक ही है। मौके पर विभिन्न जगहों से आई गैंग की सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहीं।