चित्रकूट। थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बहिलपुरवा थाने और पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने रैपुरा थाने में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। निर्देश दिए कि समय से समस्याओं का निस्तारण कराया जाए।
शनिवार को थाना समाधान दिवस पर बहिलपुरवा थाना में जिलाधिकारी समस्या सुनीं। जमीन के विवाद सहित अन्य मामलों का निस्तारण कराने के लिए ग्रामीणों ने पत्र दिया। जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी और राजस्व विभाग के कर्मचारियों से कहा कि मौके पर जाकर निस्तारण कराएं। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर का अवलोकन किया। उधर, पुलिस अधीक्षक ने मऊ और रैपुरा थाने में समस्याएं सुनीं। थाना प्रभारियों को समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसडीएम मऊ नवदीप कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, मऊ थानाध्यक्ष राजीव कुमार भी मौजूद रहे। उधर, कोतवाली कर्वी, राजापुर, मऊ और पहाड़ी, भरतकूप थाना परिसर में थाना समाधान दिवस पर समस्याओं का निस्तारण कराया गया।
लापता युवती की रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही पुलिस
एक तरफ डीएम और एसपी फरियादियों को परेशान न करने के निर्देश दे रहे हैं, दूसरी तरफ सदर कोतवाली में ही एक युवती की तलाश में परिजन भटक रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि उन्हें कभी कोतवाली तो कभी मानिकपुर थाने जाने को कहा जाता है। लापता युवती की खोजबीन के लिए पांच दिन से पुलिस उन्हें भटका रही है। रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कर रही। शहर के शंकर बाजार निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी बहन को पांच जून को ट्रैफिक चौराहे से चाकू के बल पर अपहरण कर लिया गया था। उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।