चित्रकूट। सदर ब्लाक के माध्यमिक विद्यालय गढ़ीवा बनाड़ी में विधिक जागरुकता शिविर का मंगलवार को आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विदुषी मेहा ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संपूर्ण भारतवर्ष में आजादी का अमृत महोत्सव दो अक्तूबर से आगामी 14 नवंबर तक मनाया जाना है। गरीबों की कानूनी मदद के लिए प्राधिकरण द्वारा अधिवक्ता की नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जाती है ताकि कोई भी गरीब धन के अभाव में न्याय से वंचित न रहे।
इस दौरान उन्होंने विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए गूगल प्ले स्टोर से नालसा मोबाइल एप डाउनलोड करने के संबंध में जानकारी दी। यहां सहायक अध्यापक गजेंद्र सिंह व शिक्षिका साधना सिंह ने बच्चों को गुड टच व बैड टच के बारे में जानकारी दी। इसके बाद ग्राम पंचायत बनाड़ी के अंतर्गत गढ़ीवा, शेखन पुरवा, अहिरन पुरवा व विनायक पुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर पंपलेट वितरित किए गए। इसी क्त्रस्म में सदर ब्लाक के खोह ग्राम पंचायत में भी ग्राम प्रधान और सचिव की मौजूदगी में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। जिसमें ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, हर घर नल योजना, शौचालय योजना और मुफ्त अनाज योजना आदि के संबंध में जानकारी दी गई।