चित्रकूट। जिला जेल में शुक्रवार को शुरू हुए क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मैच वालेंटियर्स इलेवन ने जीता। डकैत बलखेडिया के भतीजे ने तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से विस्फोटक 42 रन की पारी खेली। उसे मैन ऑफ द मैच चुना गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मैच 31 दिसंबर को खेला जाएगा।
जिला जेल के बंदियों में सद्भाव बढ़ाने और सकारात्मक सोच पैदा करने के उद्देश्य से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। चार टीमें बनाई गई हैं। शनिवार को जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। पहला मैच वालेटिंयर्स इलेवन और जूवेनीलेस इलेवन के बीच खेला गया।
जूवेनीलेस इलेवन के कप्तान किशन ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। वालेटिंयर्स इलेवन की ओर से डाकू बलखड़िया के भतीजे दीपक बल्लेबाजी करने उतरे। दीपक ने पहले ही ओवर से धुआंधार बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने तीन छक्के, दो चौकों की मदद से 42 रन बनाए। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे जूवेनीलेस इलेवन के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की। बाद में अजय की कसी गेंदबाजी ने टीम को जीत से दूर कर दिया। अंतिम गेंद में टीम जीत के लिए चार रन नहीं बना सकी। वालेटिंयर्स इलेवन ने तीन रन से मैच जीत लिया। दीपक को मैन आफ द मैच चुना गया।
जेलर संतोष कुमार, डिप्टीजेलर पियुष पांडेय, आलोक कुमार ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। अंपायरिंग जेल वार्डर जगमोहन व अजय ने की। स्कोरिंग बंदी अजय व कमेंट्री बंदी घनश्याम ने की।