मानिकपुर। कस्बे में रेलवे स्टेशन के पास दो नाश्ता विक्रेता कूड़े के ढेर को लेकर आपस में भिड़ गए। कहासुनी बढ़ने पर एक दुकानदार ने भट्ठी पर रखी कड़ाही से झन्नी से गर्म तेल सड़क की ओर उछाल दिया। जिससे चार लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। आनन-फानन में घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है।
मानिकपुर रेलवे स्टेशन से तहसील रोड पर सुरेश स्वीट होटल के सामने फुटपाथ पर हुई। सड़क किनारे ठेले लगाकर नाश्ता बेचने वाले दो दुकानदारों के बीच कूड़े के निपटान को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बातचीत बढ़ने पर एक रामपुर तरौंहा निवासी सूरज (16) और उसकी मां खुन्नी देवी ने दूसरे दुकानदार आशीष पर जलती कड़ाही से गर्म तेल झन्नी से उछाल दिया।
तेल की बौछार से शिवनगर निवासी रमजान (16, महावीर नगर निवासी युसूफ (39), रसूल खान (39) और आशीष केसरवानी (38) बुरी तरह झुलस गए। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मानिकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। मामले की जांच प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।