चित्रकूट। डाक अभिकर्ता बन शहर के स्थानीय निवासियों से लाखों रुपये हड़पने वाले फर्जी एजेंट की तलाश में पुलिस जुट गई है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपी के घर में दबिश दी लेकिन कोई नहीं मिला। कोतवाल ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। शुक्रवार को चार पीड़ितों ने आरोपी कथित एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी है।
शुक्रवार को लक्ष्मणपुरी निवासी नर्वदा प्रसाद गुप्ता, जानकीपुरी निवासी राजेश श्रीवास्तव, मणिकुंज तरौंहा निवासी नत्थू लाल और छेछरिहा खुर्द निवासी संतोष कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर डाकघर के फर्जी एजेंट के खिलाफ लाखों रुपये हड़पने के आरोप लगाए हैं। चारों ने आरोप लगाया कि लगभग 60 लाख रुपये इस एजेंट के माध्यम से डाकघर में जमा कराए थे।
कुछ दिन पहले जब वह डाकघर अपने खाते की जानकारी लेने और ब्याज की रकम निकालने पहुंचे तो पता चला कि उनके खाते ही वहां नहीं है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक दरोगा को नियुक्त किया गया है। कई स्थानों पर आरोपी एजेंट की तलाश में छापेमारी की गई है लेकिन सफलता नहीं मिली है।