राजापुर (चित्रकूट)। सरधुआ थाना क्षेत्र के भदेहदू में रविवार दोपहर छोटे भाई ने खर्च न देने पर बीमार मझले भाई की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद हाथ में लाठी और धारदार हथियार लेकर छत पर चढ़ गया। खुद को पकड़ने की पुलिस और ग्रामीणों को चुनौती देता रहा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह उसे गिरफ्तार किया।
भदेहदू गांव निवासी छोटा भाई लखन उर्फ छोट्टन मिश्रा रविवार को घर में कमरे अपने बीमार मझले भाई गुड्डन मिश्रा (30) के साथ मौजूद था। बड़ा भाई संगम मिश्रा उर्फ मुन्ना किसी काम से राजापुर गया था। आरोप है कि घर पर रहे लखन ने गुड्डन से खर्चे के लिए रुपये मांगे। गुड्डन ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। इससे गुस्साए लखन ने धारदार हथियार से गुड्डन पर ताबड़-तोड़ प्रहार करके हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद वह शव के पास में ही बैठा रहा। इसी बीच बड़ा भाई संगम घर पहुंचा तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर चीखते हुए बाहर भागा। हत्या की सूचना पर एसपी, सीओ और थाना प्रभारी भी फोर्स समेत मौके पर पहुंच गए। यह देख आरोप लखन अपने घर की छत पर चढ़ गया और धारदार हथियार हवा में लहराते हुए खुद को पकड़ने की चुनौती देने लगा।
उसे काबू में करने के लिए एंबुलेंस, फायर बिग्रेड व कई थाने के फोर्स को भी बुला लिया गया। इस तरफ पुलिस अधिकारी उसे बातों में उलझाए रहे और दूसरी तरफ से पुलिस ने छत पर पीछे से सीढ़ी लगाकर उसे दबोच लिया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस उसे काबू में कर सकी। आरोपी के पास से लाठी, हंसिया व कुल्हाड़ी बरामद की। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि गुडड्न बीमारी की वजह से कहीं आ जा नहीं पाते थे। हत्यारोपी लखन मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ है। उसे गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।