चित्रकूट : डाकू गौरी यादव- फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। यूपी और एमपी में आतंक के पर्याय साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू गौरी यादव को एसटीएफ ने बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के माड़ो बांध के पास मुठभेड़ में मार गिराया। लगभग दो घंटे तक जंगल में चली मुठभेड़ में गैंग के दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। घटनास्थल से एसटीएफ ने एके 47 और चाइनीज रायफल के अलावा बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद की है। डाकू गौरी के खिलाफ यूपी और एमपी के थानों में 75 से अधिक हत्या, डकैती, अपहरण, फिरौती के मामले दर्ज हैं।
बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के माड़ो बांध के पास शनिवार की तड़के लगभग साढ़े तीन बजे अचानक गोलियां तड़तड़ाने लगीं। एसटीएफ टीम का नेतृत्व कर रहे एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि डाकू गौरी यादव गैंग की मौजूदगी की सूचना पर एसटीएफ की दो टीमे माड़ो बांध के जंगल में पहुंचीं। बांध के पास आग जल रही। वही गैंग मौजूद है। एसटीएफ की दोनों टीमों ने अलग-अलग से गैंग को घेर लिया।
आग के पास 10-12 लोग असलहे लिए दिखे तब उन्हें ललकारा। इस पर डकैतों ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग झोंक दी और जंगल की ओर भागने लगे। लगभग आधे घंटे तक दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलती रहीं। एसटीएफ टीम ने भाग रहे डकैतों का पीछा किया तो रास्ते में एक डकैत मरा मिला। उसकी शिनाख्त गौरी यादव उर्फ उदय भान पुत्र बाबूलाल निवासी बेलहारी के रूप मेें की गई। उसके साथी भागने में सफल रहे।
एसटीएफ एसएसपी हेमराज मीणा ने बताया कि डकैत के पास से एक एके 47, एक चाइनीज ऑटो सेमी राइफल, एक फैक्ट्रीमेड बंदूक, एक तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस, मोबाइल, टार्च और अन्य सामग्री मिली है। एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि डाकू गौरी का यूपी-एमपी क्षेत्र में 20 साल से आतंक था। यह सरकारी कामों में दखलंदाजी कर रंगदारी वसूलता था। इसके खिलाफ यूपी-एमपी क्षेत्र के कई थानों में 75 से अधिक मामले दर्ज हैं।