मानिकपुर/बरगढ़(चित्रकूट)। पाठा क्षेत्र व बरगढ़ के जंगलों में लगी आग पर वन विभाग ने नियंत्रण पा लिया है पर कुछ नए जंगल की ओर आग की लपटें उठ रही हैं। इसकी वजह से वन संपदा के साथ ही सैकड़ों जीव जंतु फंसे हैं। जंगलों की आग की वजह से कई छोटे जीव जंतुओं की मौत तक हो चुकी है। रानीपुर, कल्याणगढ़ व निही चिरैया के जंगलों की आग पर नियंत्रण तो हो गया पर अब ददरी व मारकुंडी वन क्षेत्र में आग फैल रही है।
गौरतलब है कि शनिवार को झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बरगढ़ क्षेत्र के कलचिहा घाटी के जंगल व मानिकपुर के रानीपुर वन्य जीव विहार में आग लगी थी। रानीपुर वन्यजीव बिहार क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी त्रिवेणी प्रसाद व बरगढ़ रेंजर अभय कुमार ने बताया कि दोनों क्षेत्र के रानीपुर, गिदुरहा, निही चिरैया, मारकुंडी रेंज के कल्याणपुर वीट के जंगल में लगी आग को काबू कर लिया गया है। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि आग पर नियंत्रण के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। (संवाद)