राजापुर क्षेत्र में खाद के लिए परेशान किसान। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
राजापुर (चित्रकूट)। तहसील क्षेत्र में किसी भी साधन सहकारी समितियों में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न होने के कारण किसान परेशान हैं। खाद न मिलने से किसान मायूस होकर लौटने के मजबूर हैं।
तहसील क्षेत्र अंतर्गत लगभग 10 से 15 साधन सहकारी समितियां कार्य कर रही हैं। किसानों के आरोप हैं कि समितियों के प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण डीएपी और यूरिया खाद का टोटा बना रहता है और किसानों को लंबी कतारें लगाकर मारामारी करने के बावजूद भी खाद नहीं मिलती है। अर्की गांव के रामराज मिश्रा ने बताया कि साधन सहकारी समिति सरधुआ में उपयोग के अनुसार किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल रही है। सचिव के द्वारा 12 सौ रुपये प्रति बोरी के हिसाब से खाद बेची जा रही है। उसमें भी खाद के लिए किसान समितियों में खाना पीना छोड़कर लंबी कतारों में लगे रहतें हैं इसके बावजूद भी खाद नहीं मिल पाती। छीबो के पूर्व प्रधान रामेश्वर शुक्ला का कहना है कि साधन सहकारी समिति छीबों के सचिव की लापरवाही के कारण किसान परेशान हो रहा है और रबी की बुआई नहीं कर पा रहा है चहेतों को रात में डीएपी खाद देकर स्टॉक खत्म करने का बोर्ड लगा देता है। किसान सुंदरलाल का कहना है कि इस सरकार के कार्यकाल में कृषि सामग्री पर भी महंगाई को बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ रही है।किसानों ने जिलाधिकारी एवं पीसीएफ के अधिकारियों से मांग किया है कि राजापुर तहसील क्षेत्र के हर साधन सहकारी समितियों में उपभोग के अनुसार डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराई जाए।