चित्रकूट। उत्तर प्रदेश किसान सभा की बुधवार को कचहरी परिसर में बैठक हुई। इसमें राज्य कार्यसमिति सदस्य रुद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि किसानों के साथ वादाखिलाफी करने वाली सरकार को इस चुनाव में किसान सबक सिखाने के लिए संकल्पित और वोट की चोट देने के लिए तैयार हैं।
कहा कि किसानों ने पूरे देश के हित में आंदोलन में एक सिपाही की तरह लड़ाई लड़ी है। दिल्ली बार्डर पर सर्दी, गर्मी, बरसात, सरकारी लाठियां खाईं और गालियां सुनी। किसान साथियों ने शहादत भी दी। ऐसे में उनकी शहादत खराब नहीं दी जाएगी। चुनाव के ऐन मौके पर झूठा आश्वासन सरकार ने दिया और अपने वादे से मुकर गई है।
लखीमपुर खीरी हत्याकांड में किसानों पर जुल्म हुआ है। देश के अन्नदाता का दमन और अपमान करने वालों को वोट की चोट देने का काम करेंगे। किसान नेता बीर बहादुर सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। संचालन शिव प्रसाद विश्वकर्मा ने किया।
शिवमोहन यादव, चुनकू राम पाल, ओमप्रकाश सिंह, अजय सिंह, मो. अली, राम प्रताप विश्वकर्मा, लल्लू राम त्रिपाठी, शिवम द्विवेदी, इंद्रजीत तिवारी, गिरजेश कुमार मिश्र, महिला किसान नेता सीमा बेगम, पूनम देवी, रोशनी, ममता, गीता देवी भी मौजूद रहीं।