चित्रकूट। मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग का बैनर लगाकर मतदाता जागरूकता के बहाने कई वाहनों से क्षेत्र में सत्ता पक्ष के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया जा रहा है।
इसके अलावा कई क्षेत्र में रुपये बांटने की भी शिकायत मिली है। इसका वीडियो और फोटो मुख्य निर्वाचन आयोग दिल्ली, लखनऊ व डीएम को भेजकर कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की है।
सपा प्रत्याशी के निर्वाचन अभिकर्ता संतराम सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई वाहन मतदाता जागरूकता का बैनर स्टीकर लगाकर सत्ता पक्ष के समर्थन से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी का प्रचार किया जा रहा है। एलईडी लाइट स्क्रीन पर गठबंधन के प्रत्याशी की तस्वीर और उनका चुनाव चिह्न साफ दिखाई दे रहा है।
आरोप यह भी लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग कई जगह मतदाताओं को रुपये बांट रहे हैं। क्षेत्रीय चुनाव की सरकारी टीमें और पुलिस महज तमाशा देख रही है। इसकी जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की है।