पहाड़ी(चित्रकूट)। सदर विकासखंड के ग्राम बारामाफी के किसान इन दिनों अन्ना मवेशियों से खासे परेशान हैं। उनके खेतों में तैयार हो रही फसल को यह अन्ना मवेशी नुकसान पहुंचा रहे हैं। आरोप लगाया कि गांव में गोशाला बनी है लेकिन उसमें मवेशी न रखकर छोड़ दिए गए हैं। जिससे किसानों की नींद हराम है। वह दिन रात फसल को ताकने में ही लगे रहते हैं।
बारामाफी गांव निवासी देवीदयाल यादव ने बताया कि लगभग तीन माह से गोशाला में रखे गए मवेशी अन्ना घूम रहे हैं। दो महीने तक फसल न होने के कारण इधर-उधर मुंह मारकर पेट भरती रहीं। उस दौरान किसानों की फसलें नहीं थी, लेकिन अब किसानों ने अपने-अपने खेतों में ज्वार, बाजार, धान एवं अन्य फसलों की रक्षा के लिए अन्नदाता अपने खेतों में रहते हैं। किसानों ने बताया कि प्रकरण की जानकारी ग्राम पंचायत के सचिव, बीडीओ को इसके पूर्व दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक अन्ना गोवंशों को गोशालाओं में बंद नहीं किया गया।