चित्रकूट। 24 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सुगबुगाहट के बीच डीएम शेषमणि पांडेय ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड व निर्माण खंड के बैठक में उपस्थित न होने पर डीएम ने उनको जवाब तलब किया है।
वहीं, हाईवे का काम अधूरा मिलने पर परियोजना प्रबंधक राष्ट्रीय राजमार्ग को भी जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन क्षेत्र में अधूरे काम मिलने पर डीएम ने पर्यटन अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें निर्देश दिए कि ईको-टूरिज्म के लिए शासन को पत्र भेजें।
डीएम ने कहा कि जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें अविलंब गड्ढा मुक्त कराया जाए। अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग पर चल रहे अंडरग्राउंड विद्युत केबल के कार्य को तत्काल पूर्ण कराएं और उसकी गुणवत्ता की भी जांच कराएं।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान जिन बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिए गए थे, उन कार्यों को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण कराकर सूचना अर्थ एवं संख्या अधिकारी को उपलब्ध करा दिया जाए। पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह को निर्देश दिए कि मडफा मंदिर के लिए रोपवे व बाउंड्रीवाल का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें। लक्ष्मण पहाड़ी में क्या कार्य हुए हैं, उसका भी विवरण दें।
पौराणिक व धार्मिक स्थलों का चयन कर सुंदरीकरण का प्रस्ताव बनाया जाए। ईओ नगर पालिका से कहा कि सफाई व ड्रेनेज की रिपोर्ट दें। नाला टैपिंग का जो प्रस्ताव शासन को जल निगम द्वारा भेजा गया है उसमें क्या प्रगति हुई है उसकी भी जानकारी दें। मुख्य चौराहों पर हाइलोजन मास्क व स्ट्रीट लाइट लगवाएं। चौराहों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव बनाकर पीडब्ल्यूडी उपलब्ध कराएं।
बैठक में डीएम ने भूमि संबंधी मामले, नदियों के पुनरुद्धार, स्वच्छता व सैनिटाइजेशन, हर घर जल योजना, ओडीओपी, लंबित समस्याओं के निस्तारण, उर्वरक की उपलब्धता, कोविड-19 का पालन व राजस्व प्राप्ति आदि बिंदुओं की समीक्षा की। सीडीओ अमित आसेरी, प्रभागीय वनाधिकारी कैलाश प्रकाश, डीडीओ आरके त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत पीके मित्तल, उप निदेशक कृषि टीपी शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी संजय कुमार पांडेय व परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा मौजूद रहे।