चित्रकूट। कलक्ट्रेट सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने कहा कि रामघाट के चेंजिंग रूम की गुणवत्ता ठीक नहीं है। कार्य को गुणवत्ता पूर्ण कराया जाए। पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि जो पर्यटन विभाग के जो कार्य पूरे हो गए और उन्हें हैंडओवर कर लिया गया है उसका विवरण उपलब्ध कराएं। ऋषियन आश्रम के सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी 50 लाख रुपये से ऊपर के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं उसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान दें। सभी संबंधित विभाग बिना तकनीकी जांच के हैंडओवर न करें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच समय-समय पर अवश्य की जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरविंद कुमार को निर्देश दिए कि त्वरित आर्थिक विकास कार्य का जो कार्य अवशेष है उसको तत्काल पूर्ण करा दिया जाए। बेड़ी पुलिया से रामघाट, परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाली सड़क के बीच के डिवाइडर की अच्छी तरह से सफाई कराकर पौधरोपण कराया जाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा.केपी यादव आदि मौजूद रहे।