प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर तीन बंदूकेेें व 71 कारतूस लूटकांड मामले में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक आरडी चौरसिया के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर छापेमारी की और जंगल में भी कांबिंग की। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। लेकिन पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग सका।
गौरतलब है कि चौकी क्षेत्र के रौली कल्याणपुर में बजनी पहाड़ के पास गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड के निर्माण स्थल पर सोमवार को तड़के छह डकैतों ने धावा बोलकर पांच प्राईवेट सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर तीन लाइसेंसी दोनाली बंदूक , 71 कारतूस, दो मोबाइल व डेढ़ हजार नगदी लूट ले गए थे।
विरोध करने पर दो सुरक्षाकर्मी को पीटा भी था। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक आरडी चौरसिया और सीओ सिटी राजेश तिवारी मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचे। सभी सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो टीमें आसपास के कुछ संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।
चौकी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि कुछ संदिग्धों को चौकी लाकर पूछताछ की गई। संभावित स्थानों पर छापेमारी भी की गई। जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा।
छुट्टी पर गया छठवां सुरक्षाकर्मी संगम पांडेय मंगलवार को लाइसेंसी बंदूक के साथ कार्यस्थल पहुंचा। अपर पुलिस अधीक्षक से लेकर स्टोन मिल के मैनेजर राकेश चौरसिया ने उससे दिन भर पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि जल्द ही असलहे लूटने वालों को पकड़ा जाएगा।
असलहे लूट की घटना के बाद मंगलवार को निर्माण स्थल पर मंगलवार को आधे मजदूर ही काम करने पहुंचे। मजदूरों के चेहरे पर भय था। साथ ही मौजूद सभी प्राइवेट सुरक्षाकर्मी भी घटना के बारे में चर्चा करते रहे। उधर, घायल सुरक्षाकर्मी बच्चीलाल व पप्पू सिंह का पुलिस ने मेडिकल कराया।