Demonstration taken out in procession on postponement of TET
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने टीईटी स्थगित किये जाने के विरोध में शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सपाइयों ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में नौकरियों का अकाल है और भ्रष्टाचार व अव्यवस्था के चलते यह परेशानी परीक्षार्थियों को हुई। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन अपर एसडीएम राजबहादुर को सौंपा।
सोमवार को टीईटी स्थगित होने पर समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष आशुतोष अग्रहरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाला। इसके बाद कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर अपर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें सपाइयों ने बताया कि सरकार द्वारा आयोजित टीईटी की परीक्षा वर्तमान सरकार की नाकामी व लापरवाही के कारण स्थगित हुई है। परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।
प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को रोकने के बजाय वर्तमान सरकार सरकारी संस्थाओं से युवाओं को वंचित करने का काम कर रही है। मांग की कि 15 दिन के अंदर टीईटी कराई जाये। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा का किराया दिया जाए। इस मौके पर यशवंत सिंह, अमिति सिंह, अभिलाष यादव, राजेंद्र मौर्य, तीरथ प्रसाद, मुकेश तिवारी, महेंद्र सिंह यादव भी मौजूद रहे।