चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनेपुर स्थित कुली तलैया गांव में जिला अस्पताल के एक कर्मी की पुत्री को घर के कमरे में जहरीले कीड़े ने काट लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन रविवार रात को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर व स्टॉफ पर मरीज को देखे बिना मृत घोषित कर दिया। इसे लेकर वहां पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जिला अस्पताल में कपड़े धुलाई का काम करने वाले कुली तलैया निवासी मिजाजी लाल ने बताया कि उसकी पुत्री लक्ष्मी देवी (14) रविवार शाम परिजनों के साथ खेत से धान कटवाकर घर आई। वह अंदर के कमरे में थी, तभी उसे जहरीले कीड़े ने काट लिया। जानकारी पर परिजन वहां गए, तो उसका शरीर कुछ नीला पड़ रहा था। जिस पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि जब वह अपनी पुत्री को अस्पताल लाया तो डाॅक्टर ने उसे देखा तक नहीं। दूर से ही देखकर उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजन आक्रोशित हो गए। काफी देर तक अस्पताल में हंगामा किया। जानकारी पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। अस्पताल स्टॉफ व पुलिसकर्मियों ने समझाकर गुस्सा मामला शांत कराया। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी कक्षा पांच की छात्रा थी। वो चार बहन एक भाई में तीसरे नंबर की थी। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। स्टॉफ से जानकारी की जा रही है।