मानिकपुर (चित्रकूट)। निमंत्रण में गए राजमिस्त्री का शव मानिकपुर थाना क्षेत्र के नदवनिया नाले के पास रविवार की रात पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या कर शव को फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि शव पर किसी चोट के निशान नहीं दिखे। पैंट घटनास्थल से कुछ दूरी पर पड़ा मिला है।
हनुमान धारा के पोखरवार निवासी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि वह ससुर मारकुंडी थाना के छेरिया खुर्द निवासी रमेश यादव (45) व सास फूलकुमारी के साथ शनिवार की देर शाम बराह माफी में निमंत्रण करने बाइक से गए थे। रात में ससुर ने खाना देकर उसे घर भेज दिया और सुबह आकर ले जाने के लिए कहा। रविवार की सुबह सात बजे जब वह बुलाने गया तो सास ने बताया कि ससुर नहीं मिल रहे हैं।
खोजबीन के बाद पता नहीं चला तो छेरिया खुर्द लौट आए। शाम करीब साढ़े सात बजे जानकारी मिली कि बराह माफी से करीब पांच किमी दूर नदवनिया नाला के पास एक पैंट पड़ा है। मौके पर पहुंचे तो पैंट ससुर का था। पैंट में मोबाइल, चश्मा मिला है। आसपास खोजा तो कुछ दूर पर ससुर का शव पड़ा हुआ मिला। बताया कि ससुर जब निमंत्रण के लिए निकले थे तो सफेद गमछा लेकर लिए था, लेकिन उनके पास से लाल गमछा मिला है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल कराई। उसके तीन बेटी सपना, रोशनी, प्राची व दो बेटा सोनू, मोनू हैं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण पता चल जाएगा।
इनसेट
लाल गमछे से मिल सकती जानकारी
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रमेश के शव को ऊपरी तौर पर देखने से लगता है कि कोई चोट नहीं है। शादी समारोह में किसी से विवाद होने की भी बात सामने आई है। परिजनों ने बताया कि उसके पास सफेद गमछा था पर मौके से लाल गमछा मिला है। शादी विवाह के दौरान कुछ वीडियो व फोटो देखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में यदि हत्या होने की बात सामने आई तो तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।