चित्रकूट। हाईवे पर डंपर की टक्कर से बचा गेहूं लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रैक्टर सवार पिता-पुत्र घायल हो गए और गेहूं पूरे रास्ते में बिखर गया।
रैपुरा थानाक्षेत्र के घुरहेटा निवासी आनंदी (68) पुत्र बच्चीलाल रविवार को अपने ट्रैक्टर में गेहूं लेकर मुख्यालय मंडी में बेचने जा रहा था। ट्रैक्टर उसका बड़ा पुत्र मलखान सिंह चला रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर कोतवाली क्षेत्र के खोह रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे डंपर से बचने का प्रयास किया। इसी दौरान डंपर से तो ट्रैक्टर बच गया लेकिन सड़क किनारे उतरने पर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे पूरा गेेहूं वहीं बिखर गया और ट्राली पर बैठे किसान आनंदी गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक मलखान भी घायल हुआ। सूचना पर यूपी 100 पुलिस पहुंची और घायल पिता पुत्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।