कोतवाली में पकड़े गए बाइक चोरों के साथ मौजूद पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने चोरी की पांच बाइक के साथ दो आरोपियों को पकड़ा है। सरगना भागने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर शिवरामपुर चौकी प्रभारी सुजीत कुमार और कोतवाली के एसएसआई प्रभात शुक्ला ने हमराहियों के साथ खुटहा मोड़ पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी बीच रैपुरा निवासी महेंद्र सिंह पुत्र राज किशोर और कल्ला निवासी शिवकुमार पुत्र भगवानदीन को बाइक से जाते समय रोका। दोनों के पास कोई कागजात न होने पर पकड़ा गया। इस बीच बाइक मेें बैठा एक आरोपी भाग निकला। जिसकी तलाश की जा रही है।
चौकी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर कल्ला गांव के पास से तीन अन्य बाइक बरामद की गई। कुल पांच चोरी की बाइक बरामद हुई है। एक बाइक 19 अक्तूबर को कोठी तालाब के पास से और दूसरी बाइक जिला अस्पताल परिसर से चोरी की गई थी। अन्य तीन बाइक की चोरी की शिनाख्त नहीं हो पा रही है।
पकड़े गए चोरों में महेंद्र सिंह ने बताया कि वह कर्वी स्थित स्कूल में हाईस्कूल का छात्र है और शिवकुमार ने बताया कि वह कक्षा 8 तक पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़कर शिवरामपुर स्टेशन रोड़ में कपड़े की दुकान चलाता है। कोतवाली के एसएसआई प्रभात शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी बाइक चोरी में जेल जा चुके हैं। इस गैंग के कुछ और सदस्य भी हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।