चित्रकूट(ब्यूरो)। डाकू बबुली कोल गैंग के दो मददगारों को पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों के कब्जे से गांजा, दवा व खाद्य सामग्री बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार कई दिनों से जंगल की ओर भागे घायल डाकुओं की तलाश में पुलिस टीमें कांबिंग कर रहीं हैं। शुक्रवार को मारकुंडी थानाक्षेत्र के चिरघटी भौंटी के पास नाला पार कर रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में देखा। उपनिरीक्षक संजय कुमार सरोज ने बताया कि किहुंनिया निवासी गुलाब कोल और चौरी निवासी ददोलन सिंह को पुलिस क र्मियों ने पकड़ लिया।
दोनों के कब्जे से डेढ़ किलो गांजा, खाद्यान सामग्री व दवा मलहम पट्टी आदि बरामद की है।
पूछताछ में दोनाें ने बताया कि वह सारी सामग्री जंगल में घायल डाकू बबुली कोल व गैंग के कुछ अन्य सदस्यों को पहुंचाने जा रहे थे। उप निरीक्षक ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया है।