ननद के घर झुलसकर भाभी की मौत
बहादुरपुर (बस्ती)। क्षेत्र के मरवटिया में ननद के यहां आई 32 वर्षीय महिला की रहस्यमय परिस्थितियों में झुलसने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। एसपी संकल्प शर्मा भी सीओ कलवारी अरविंद कुमार वर्मा के साथ जा पहुंचे। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने तमाम साक्ष्य-फ्रिगर प्रिंट्स का नमूना लिया। एसपी का कहना है कि मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगाने की बात बताई जा रही है लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है।
लालगंज थाने के गंगौरा (बनकटी) निवासी शिशुपाल की 32 वर्षीय पत्नी अनीता सुबह लगभग सात बजे नगर थाने के मरवटिया गांव में अपनी ननद सरोज पत्नी तिलकराम वर्मा के घर पहुंची। वहां से कुछ दूरी पर स्थित भांजे दिलीप की दुकान पर पहुंची। आरोप है कि दुकान का सामान इधर-उधर फेंकने लगी। भांजे और बुआ में इसे लेकर तकरार होने लगी। पास-पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव करके उन्हें शांत कराया लेकिन अनीता ने डॉयल-100 पर सूचना दे दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां उनके बड़े-बुजुर्गों ने सुलह करा दी। उन सबके मरवटिया जाने के बाद खाना खाने को लेकर फिर बहस होने लगी। सरोज उसे अकेला छोड़ पानी लाने बाहर गई। तभी अनीता ने रसोई में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसकी चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गूंज गया। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े और दरवाजा तोड़कर बचाने का प्रयास किया लेकिन देर हो चुकी थी। बुरी तरह से झुलसा अनीता का शव मिला।
नाजायज संबंधों की तरफ केस
दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से झुलसकर मरी अनीता के दोनों बच्चों छह वर्षीय शिवांगी और करीब चार वर्षीय हर्ष को काफी देर तक एहसास ही नहीं हुआ कि उसकी मां अब उसे हमेशा के लिए छोड़ कर जा चुकी है। उसका पति शिशुपाल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस ने उसे फोन से सूचना देकर बुलाया। बताया जा रहा है कि वह घर आने के लिए दिल्ली से निकल चुका है। लोगों में इस केस के पीछे नाजायज संबंध की सबसे ज्यादा चर्चा होती रही। पुलिस का भी संदेह उसी तरफ है।
सांप के डंसने से किशोरी की मौत
लालगंज थाने के बैजीपुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कुदरहा।
लालगंज थाना क्षेत्र के बैजीपुर गांव की 13 वर्षीय किशोरी को सांप ने डंस लिया। उपचार के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
बृहस्पतिवार को बैजीपुर के प्रभुनाथ प्रजापति की बेटी अम्बिका गांव की रेहाना के साथ शाम करीब चार बजे खेत में काम से गई थी। वापस आते समय रास्ते में सांप था, लेकिन उसकी नजर नहीं पड़ी बल्कि उसके ऊपर पैर पड़ गया। जिस पर सांप ने उसे डंस लिया। बुरी तरह से घबराई दोनों किशोरियां भागते हुए घर पहुंचीं और परिवार वालों को बताया। उसे आनन-फानन जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
कई लोगों पर कर चुका है वार
बैजीपुर गांव के लोग बताते हैं कि वहां एक सांप कई वर्षों से रहता है। उसे कभी-कभार देखा जाता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य भोलानाथ मौर्य ने बताया कि कई लोगों पर यह वार कर चुका है। इससे दहशत फैल गई है। सांप पकड़ने के लिए सपेरे बुलाए गए हैं।