अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। दस्यु सुंदरी साधना पटेल के नए गैंग पर मप्र पुलिस ने इनाम दस हजार से बढ़ाकर तीस हजार करने का प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा गैंग के सरगना दीपक व डाकू नवल धोबी के साले अजय उर्फ रावेंद्र पर इनाम बढ़ाकर बीस हजार कर दिया गया है।
पाठा क्षेत्र समेत जिले के सीमावर्ती इलाके में आतंक का पर्याय बन रहे नए डाकू गैंग सरगना दीपक शिवहरे निवासी सेजवार नयागांव पर इनाम दस से बढ़ाकर बीस हजार कर दिया गया है। इसी प्रकार जेल में बंद डाकू नवल धोबी के साले अजय उर्फ रावेंद्र निवासी रामपुर बाघेलन पर भी इनाम दस से बीस हजार कर दिया गया है। इस गैंग में सात सदस्य हैं जो डाकू नवल धोबी के साथ चलते थे। सरगना के जेल जाने के बाद अब कमान दीपक शिवहरे के पास है। इसी गैंग मेें दस्यु सुंदरी साधना पटेल भी है। जिसे डाकू नवल की प्रेमिका बताया जाता है। सतना एसपी संतोष सिंह गौर ने बताया कि दो डाकुओं पर इनाम बढ़ाया गया है। दस्यु सुंदरी पर पहले से दस हजार का इनाम है। इस पर तीस हजार का इनाम बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसने यदि आस पास के क्षेत्र में अब कोई वारदात की तो पुलिस इनाम बढ़ाएगी। इन सबको दबोचने के लिए लगातार कांबिंग जारी है। बतादें कि इस गैंग का जिले की सीमा मप्र क्षेत्र में आतंक है। फिलहाल दस्यु सुंदरी पर यूपी क्षेत्र के चित्रकूट जिले में कोई अपराध दर्ज नहीं है। हाल ही में ट्रेन डकैती मामले में आईजी जीआरपी बीआर मीणा ने इस दस्यु गैंग की ओर भी इशारा किया था।