नगर क्षेत्र से युवती का अपहरण, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को हत्या की धमकी भी दी है। पीड़ित पक्ष ने आरोपी पक्ष के सात नामजद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने युवती की बरामदगी की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अगवा युवती के पिता ने बताया कि छह सितंबर की दोपहर उसकी बेटी किसी काम से घर से बाजार गई थी। रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे अगवा कर लिया। इसका पता चलने पर जब आरोपी पक्ष से बातचीत की गई तो उन्होंने पीड़ित पक्ष को हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित पिता ने बेटी की जानमाल को खतरा जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अगवा युवती के मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। ब्यूरो