चित्रकूट। कोतवाली क्षेत्र के कपसेठी गांव के पास हाईवे पर अनियंत्रित टवेरा पेड़ से टकरा गई। जिसमें सवार कौशांबी के करारी निवासी तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से इलाहाबाद रेफर किया गया जिसमें एक की रास्ते में मौत हो गई। अन्य दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
कौशांबी जिले के करारी सोनरहटी मोहल्ला निवासी अजीत वर्मा(28), रविंद्र कुमार वर्मा (30) व कृष्णानगर निवासी राजन (30) टवेरा से शनिवार की सुबह चित्रकूट घूमने आए थे। जानकारी के अनुसार देर रात को तीनों टवेरा से कौशांबी जाने के लिए निकले। जैसे ही झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के कोतवाली क्षेत्र के कपसेठी गांव के पास मोड़ पर पहुंचे तो चालक का नियंत्रण बिगड़ा और सड़क किनारे पेड़ से टवेरा टकरा गई। पेड़ से टक्कर इतनी जोरदार हुई कि आसपास क्षेत्र के लोग चौंक गए। राहगीरों ने पुलिस की मदद से टवेरा में फंसे तीनों युवकों को शीशे व दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला। एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद तीनों को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। जिसमें रविंद्र कुमार उर्फ राजू की रास्ते में मौत हो गई जबकि अन्य दो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
--इनसेट
चित्रकूट। टवेरा से चित्रकूट घूमने आए तीनों आपस में दोस्त भी थे। जानकारी के अनुसार तीनों प्राइवेट सर्विस करते हैं। घूमने के बाद तीनों रात में ही वापस जाने के लिए तैयार हो गए। हालांकि घायल अजीत वर्मा ने बताया कि देर रात होने पर उसने सबसे यहीं रुककर सुबह चलने को कहा था लेकिन दोनों ने जिद रात में ही चलने की थी। अचानक रास्ते में क्या हुआ कुछ समझ में नहीं आया। इतना बोलने के बाद वह बेहोश हो गया। मृतक रविंद्र उर्फ राजू के एक पुत्र है।