पकड़े गए आरोपियों के साथ मौजूद नारकोटिक्स टीम लखनऊ के इंस्पेक्टर।
- फोटो : amar ujala
राजापुर थानाक्षेत्र के सुरवल मोड़ पर रविवार देर रात लखनऊ की नारकोटिक्स टीम ने तीन वाहनों से पांच क्विंटल 80 किलो गांजा और 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामद गांजे की कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर गांजा बिक्री की जांच करने रविवार को लखनऊ से नारकोटिक्स विभाग कंट्रोल ब्यूरो की टीम जिले में पहुंची थी। देर रात को राजापुर थानाक्षेत्र के सुरवल मोड़ के पास एक पिकअप को रोककर टीम ने जांच की। इसमें एक दर्जन से अधिक प्लास्टिक के बोरे मिले।
इसमें 5 क्विंटल 80 किलो गांजा था। टीम ने पिकअप चालक लोहदा निवासी अनुराग सिंह से पूछताछ की। इसमें पता चला कि पीछे आ रही गाड़ियों में उसके साथी है। थोड़ी देर बाद टीम ने इसी मार्ग से एक डस्टर और आल्टो कार को रोका। इसमें से पुलिस सतना मप्र के रामपुर निवासी संदीप पटेल और नृपेंद्र सिंह को पकड़ा। इसके पास से 70 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। इसके बाद तीनों को बरामद माल के साथ कोतवाली लाया गया है। जहां पर देर शाम तक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
नारकोटिक्स टीम के इंस्पेक्टर भोजराज ने बताया कि ये सब लोग कई माह से गांजा सप्लाई का काम करते थे। इन पर लखनऊ से सर्विलांस के माध्यम से नजर रखी जा रही थी। यह माल मप्र क्षेत्र से लाकर पहले राजापुर में बेचा जाता है। इसके बाद इसे आगे के जिलों में भेजा जाता था। इसके लिए बेचने वाले पहले से सुरागकशी करते हैं और जिले की सीमा पर मौजूद रहकर सूचनाएं आदान प्रदान करते हैं। टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद लेने के सवाल पर कहा कि उनकी टीम का अलग काम है। स्थानीय पुलिस को आमद की सूचना दी गई थी। इसके बाद आरोपियों को पकड़कर उनके हवाले किया गया है। साथ में स्थानीय पुलिस को लेकर जाने के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया। टीम में अनिल द्विवेदी, उदयभान व मनोज यादव शामिल हैं।
पुलिस को धोखा देने के लिए ये बदमाश गांजा वाले वाहन में पीछे प्लास्टिक के कैन रखे थे। इससे लोगों को यह अहसास नहीं होता कि इसके पीछे कुछ और भी हो सकता है।