गुरुवार की सुबह मुख्यालय के रेलवे स्टेशन से खोह स्टेशन के बीच रेल पटरी पर महिला ने अपनी मासूम बच्ची के साथ जान देने के लिए छलांग लगा दी। जिसमें महिला की तो मौके पर मौत हो गई लेकिन बच्ची छिटककर दूर जा गिरी और बाल-बाल बची। मृतका मध्यप्रदेश के सीधी जिले की निवासी थी। बच्ची को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार की सुबह दिल्ली से मानिकपुर की ओर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस मुख्यालय रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी। जैसे ही ट्रेन कालपुर के पास पहुंची तो पटरी पर सामने से एक महिला लगभग दो साल की बालिका का हाथ पकड़कर ट्रेन की ओर जाने लगी।
वहां मौजूद कुछ लोगाें ने चिल्लाकर महिला को किनारे हटने को कहा लेकिन वह नहीं हटी और देखते ही देखते ट्रेन की चपेट में आ गई। इस दौरान बच्ची छिटककर दूर जा गिरी और उसके सिर पर चोट आई। जिससे वह बेहोश हो गई। सीओ राजेश तिवारी और कोतवाल सत्यपाल सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां बालरोग विशेषज्ञ डा. राहुल वर्मा ने बताया कि बच्ची के सिर पर चोट है और अभी उसकी स्थिति स्थिर है। कोतवाल ने बताया कि मृतका की शिनाख्त उसके पास मिले मतदाता कार्ड से वेदवती (24) पत्नी सोनू साकेत निवासी धनखोरी सीधी मप्र की निवासी के रूप में हुई है।
उसके पास बैग में तीन सौ रुपये, बिस्कु ट, आईडी प्रुफ व कुछ अन्य सामग्री मिली है। प्रथम दृष्टया तो यही है कि महिला ने खुदकुशी की है।