मऊ थाने में पकड़े गए चोर और बरामद सामग्री के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मऊ(चित्रकूट)। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से त्रस्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। रविवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लाखों रुपये जेवर, लाइसेंसी राइफल, कारतूस व नगदी के साथ छह चोरों को दबोच लिया। जबकि चार भागने में सफल रहे। पकड़े गए चोर बुलंदशहर के रहने वाले हैं।
थानाध्यक्ष शैल सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रविवार की देर रात अहिरी नाले के पास छापेमारी की। वहां मौजूद युवक भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने खंडेहा के अख्तर हुसैन व जुम्मन समेत बुलंदशहर जिले के चिरचटा निवासी आमिर खान, बखरूद्दीन, सैफ अली और सरवर हुसैन को दबोच लिया जबकि चार भागने में सफल रहे।
चोरों की निशानदेही पर अहिरी के एक बगीचे में जमीन खोदकर दबाई गई राइफल और पांच कारतूस बरामद किए। इसके अलावा खंडेहा गांव के एक घर में छिपाए गए सोने चांदी के जेवर, 15 हजार नगद, राइफल का लाइसेंस और ताला तोड़ने के औजार पुलिस ने बरामद किए।
थाना क्षेत्र के कस्बे में 13 व14 मार्च की राते दिनेश केशरवानी और पावर हाउस के पास 25 व 26 मार्च की रात को सुभाष त्रिपाठी और किराएदार देवेंद्र उपाध्याय के घर से नगदी, जेवर और राइफल की चोरी की थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बुलंदशहर का आमिर खान सरगना है। जिस पर इलाहाबाद और कौशांबी जिले में एक दर्जन से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं।
पकड़े गए चोरों में चार बुलंदशहर के हैं। भागे चार में तीन भी उसी जिले के हैं। सभी बरगढ़ और खंडेहा में अपनी रिश्तेदारी में आते-जाते हैं। कमाने के नाम कर कपड़ा और प्लास्टिक के सामान की फेरी करते थे। इसी दौरान गांव-गांव जाकर युवक रेकी करते थे और फिर योजना बनाकर चोरी करते थे।